उन्नाव : विकास खण्ड औरास की ग्राम पंचायत खड़वल में मदर्स डे के उपलक्ष्य में बालिका शिक्षा को समर्पित “ऊंची उड़ान” नामक एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, महिला सम्मान एवं समाज में बेटियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक तैमूर आलम ने की। मुख्य अतिथि के रूप में खण्ड विकास अधिकारी दीप शिखा उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में बीडीओ दीप शिखा ने बालिका शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि “आज की बालिका ही भविष्य की माता है। यदि परिवार और समाज का भविष्य उज्ज्वल बनाना है, तो बेटियों को शिक्षित एवं सम्मानित करना आवश्यक है।”
प्रधान शिक्षक तैमूर आलम ने कहा कि महिलाओं के कंधों पर केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की व्यवस्था टिकी होती है। उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में एआरपी डॉ. अंजू रंजना तथा डॉ. पूनम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बालिकाओं का विद्यालयों में प्रवेश कराना तथा उन्हें नियमित शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर बीडीओ दीप शिखा एवं प्रधान शिक्षक तैमूर आलम द्वारा पत्रकार रोहित कन्नौजी तथा वरिष्ठ पत्रकार हबीब अल्वी को सम्मानित भी किया गया।
“ऊंची उड़ान” संगोष्ठी का आयोजन मोनिका यादव द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन आकांक्षा श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान माधुरी देवी सहित रज्जन लाल, गिरजा शंकर, विकास, नफीस अहमद, शरीफ भाई, डॉ. मनोज, सीता देवी, ममता द्विवेदी, रामदेवी, ऊषा, विन्देश्वरी, प्रियंका, रामरती, पूनम, निर्मला, हर्षिता एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : हबीब अल्वीराम मिलन मौर्य
प्रधान संपादक
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र
मो.: 9454904115
Email: gramindrashti@gmail.com
Website: gramindrashti.in


