जनहित याचिका में शिकायत सही मिलने के बाद जिलाधिकारी ने एसपी को भेजी जांच रिपोर्ट, 6 अनाधिकृत स्थानों पर कार्रवाई के संकेत
उन्नाव। जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। जनहित याचिका संख्या-515/2026 उदयकान्त वाजपेयी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध वाहन पड़ावों और कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर जांच कराई है। जांच समिति की रिपोर्ट में शिकायतकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दों की पुष्टि होने का उल्लेख किया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी उन्नाव घनश्याम मीना ने पुलिस अधीक्षक उन्नाव को पत्र भेजकर मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
6 अनाधिकृत स्थानों की हुई स्थलीय जांच
नगर विकास अनुभाग-1, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में याची द्वारा सप्लीमेंट्री एफिडेविट के प्रस्तर-04 में बताए गए 6 अनाधिकृत स्थानों की जांच क्षेत्राधिकारी (यातायात) उन्नाव और नगर मजिस्ट्रेट उन्नाव की संयुक्त समिति द्वारा कराई गई।
समिति की जांच आख्या दिनांक 07 जुलाई 2026 में शिकायत की पुष्टि का उल्लेख किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने इन स्थानों पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली रोकने तथा वाहनों का संचालन केवल निर्धारित पड़ाव अड्डों से कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज
प्रशासन का उद्देश्य शहर और प्रमुख मार्गों पर बढ़ रही यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करना है। निर्धारित स्थानों के बजाय सड़क किनारे या अन्य अनाधिकृत स्थानों से वाहन संचालन होने से जाम, अतिक्रमण और आम लोगों की परेशानियां बढ़ती हैं।जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें
हाईकोर्ट के आदेश और जांच रिपोर्ट के बाद उन्नाव में अनाधिकृत वाहन पड़ावों पर प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि चिन्हित 6 स्थानों पर प्रशासन किस प्रकार की कार्रवाई करता है।
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र
उन्नाव ब्यूरो

