अचलगंज में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
श्री आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में बच्चों ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
अचलगंज, उन्नाव। भारत के युवाओं को नशे, प्रदूषण और सामाजिक कुरीतियों से बचाने के उद्देश्य से श्री आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज, अचलगंज में "Joy in Life, Not in Nasha" जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारी एवं अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख योग गुरु ज्योति बाबा ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण के साथ हुई, जिसके बाद "Drug Free India - Drug Free UP" के संकल्प को लेकर विशाल साइकिल मार्च निकाला गया। साइकिल मार्च के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योति बाबा ने कहा कि "नशे में खुशी नहीं, बल्कि विनाश छिपा है। असली खुशी अच्छे संस्कार, सेवा भावना और स्वस्थ जीवन में है।" उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसके कारण अनेक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बच्चों को जंक फूड, प्लास्टिक प्रदूषण और अस्वास्थ्यकर जीवनशैली से बचने की सलाह देते हुए नियमित व्यायाम, पौधरोपण और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक एवं स्टाफ ने योग गुरु ज्योति बाबा को अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विद्यालय के प्रत्येक कक्षा में एक छात्र को "एंटी टोबैको अवेयरनेस एक्टिविस्ट" के रूप में जिम्मेदारी देने की घोषणा की गई, जो अपने साथियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल शिव बरन सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या श्रीमती विमला देवी ने किया। अंत में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में संकल्प लिया—
"मैं नशा नहीं करूंगा, नशा करने नहीं दूंगा।"
इस अवसर पर विद्यालय परिवार सहित अचलगंज क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
— ग्रामीण दृष्टि संवाददाता


