![]() |
| "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत सेंट जूडस कॉलेज ऑफ लॉ में हुआ बृहद वृक्षारोपण |
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
उन्नाव, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को सेंट जूडस कॉलेज ऑफ लॉ, उन्नाव में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अन्य उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार भी हैं। प्रत्येक नागरिक यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में हरित क्रांति का नया अध्याय लिखा जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। वृक्षारोपण के पश्चात पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई।


