आजमगढ़ में SSP डॉ. अनिल कुमार का बड़ा एक्शन: लापरवाही पर SI समेत रिक्रुट सिपाही निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्तव्य में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में थाना मेंहनगर के उप निरीक्षक (SI) उमेश कुमार सिंह तथा थाना गंभीरपुर के रिक्रुट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
![]() |
| आजमगढ़ में SSP डॉ अनिल कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही.... |
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, SI उमेश कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों और निर्देशों की भी अवहेलना की।
वहीं थाना गंभीरपुर में तैनात रिक्रुट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह पर वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी ड्यूटी का समुचित निर्वहन न करने, पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप है।
इन दोनों मामलों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए SSP डॉ. अनिल कुमार ने 25 जुलाई 2026 को दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने के आदेश जारी किए हैं।
SSP डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट: रघुबीर मौर्य
ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र


