पुलिस ने घेराबंदी कर शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास से दबोचा, पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
आजमगढ़। थाना बिलरियागंज क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पीड़िता की तबीयत खराब रहने पर कराई गई चिकित्सीय जांच और सोनोग्राफी रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री को अभियुक्त अश्वनी और मो. अमजद बहला-फुसलाकर खेत में ले गए और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि जब पीड़िता की मां घर से बाहर रहती थी, तब दोनों आरोपी उसके घर आकर भी उसके साथ दुष्कर्म करते थे।
पीड़िता की लगातार खराब होती तबीयत के बाद परिजनों ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। जांच के दौरान सोनोग्राफी रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। पूछताछ में पीड़िता ने दोनों अभियुक्तों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों वांछित अभियुक्त शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और करीब 10:10 बजे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त 1. अश्वनी पुत्र स्व. गुड्डू मोदनवाल, निवासी पुराना चौक, निकट सब्जी मंडी, कस्बा बिलरियागंज, उम्र लगभग 19 वर्ष।
2. मो. अमजद पुत्र मो. सिद्दीक, निवासी ग्राम नसीरपुर, थाना बिलरियागंज, उम्र लगभग 19 वर्ष। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
रिपोर्ट — रघुबीर मौर्य ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र


