पुरवा, उन्नाव। बैंक ऑफ इंडिया की पुरवा शाखा में रुपये निकालने पहुंची दो बहनों के बैग से 99 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना बैंक परिसर के अंदर हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुरवा पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध महिला की पहचान और तलाश में जुटी है।
खाते से निकाले 99 हजार, बैंक में ही गायब हो गए रुपये
गोकुलपुर निवासी अर्चना व रीना पुत्री शैलेन्द्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बैंक ऑफ इंडिया शाखा पुरवा में खाता है। 23 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे दोनों बहनें बैंक पहुंचीं और खाते से 99 हजार रुपये की निकासी की।
निकासी के बाद दोनों ने रुपये अपने बैग में रख लिए। कुछ देर बाद बैग की जांच करने पर 99 हजार रुपये गायब मिले। बैंक परिसर में ही रुपये चोरी होने की जानकारी मिलते ही पीड़िताओं ने तत्काल बैंक कर्मचारियों को घटना की सूचना दी।
साड़ी से चेहरा ढके महिला पर शक
बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर एक महिला संदिग्ध नजर आई। पीड़िताओं के मुताबिक, उक्त महिला साड़ी से अपना चेहरा ढककर बैंक परिसर में दाखिल हुई थी। उसके हाथ में बोरी जैसा झोला भी था।
बताया गया कि संदिग्ध महिला बैंक के अंदर पीड़िताओं के आसपास कुछ देर तक खड़ी रही। वह किसी बैंक काउंटर पर नहीं गई और पीड़ित बहनों के बैंक से बाहर निकलने से पहले ही वहां से चली गई। पीड़िताओं ने इसी आधार पर उक्त महिला पर चोरी का शक जताया है।
CCTV फुटेज से संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बैंक परिसर में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था या नहीं।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह


