औरास, उन्नाव। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पारिवारिक कलह के बीच एक महिला और एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पहली घटना हाथीखेड़ा मजरा पूराचांद गांव की है। गांव निवासी उमाकांत की 34 वर्षीय पत्नी मालनी श्रीवास्तव गुरुवार शाम करीब सात बजे घर के अंदर मृत अवस्था में मिलीं। बताया गया कि घटना के समय वह बच्चों के साथ घर पर थीं, जबकि उनके पति लखनऊ ऑटो चलाने गए थे।
परिजनों के अनुसार मालनी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और पूर्व में भी उन्होंने ऐसा कदम उठाने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय लोगों ने उन्हें बचा लिया था। महिला अपने पीछे चार बच्चों—रूपांशी (12), ऋतिक (10), दिव्यांशी (4) और दो माह की लाडो—को छोड़ गई हैं।
पति उमाकांत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना बरादेव गांव की है। यहां नन्हक्के मौर्या के 25 वर्षीय पुत्र आशू की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। बताया गया कि युवक गांव के बाहर पश्चिम दिशा में स्थित कूड़ाघर के पास मृत अवस्था में मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई।
आशू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। मृतक दो भाइयों और चार बहनों में बताया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर घटनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - राकेश कुमार तिवारी


