बैगांव-मंगतखेड़ा मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, बारिश में जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा; ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग
पुरवा। तहसील क्षेत्र में बैगांव से मंगतखेड़ा को जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव के कारण राहगीरों का सफर मुश्किल और जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने अब तक सड़क की मरम्मत की ओर ठोस कदम नहीं उठाया है।
यह मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों को मंगतखेड़ा के मुख्य मार्ग से जोड़ता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरवा और उन्नाव की ओर आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर हालत के चलते सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है।
बारिश में पानी से छिप जाते हैं गड्ढे
ग्रामीणों के मुताबिक बरसात के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन लोग गड्ढों के कारण चोटिल हो रहे हैं।
सड़क किनारे कंटीले पेड़ भी बने मुसीबत
सड़क की बदहाली के साथ ही दोनों ओर उगे कंटीले बबूल के पेड़ भी राहगीरों की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां सड़क की ओर झुक गई हैं, जिससे वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क के किनारे उगे पेड़ों की छंटाई कराने की भी मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आवागमन होता है, इसके बावजूद सड़क की हालत सुधारने के लिए अब तक प्रभावी पहल नहीं हुई है।
ऋषभ सिंह, दिनेश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, देवेंद्र सिंह, संदीप साहू, कुलदीप भारतीय, सरताज और हेमराज समेत अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने, गड्ढों को भरवाने और सड़क किनारे उगे कंटीले पेड़ों की कटाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
जनक सिंह, संवाददाता | पुरवा, उन्नाव



