चकलवंशी/उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के जगेंनगर गांव में गैलरी में रखे सामान को किनारे करने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद चार लोगों ने एक युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगेंनगर निवासी बलराम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार को गांव के कुछ लोग बिहार स्थित गयाजी जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने किरायेदारों से गैलरी में रखा सामान किनारे करने को कहा, ताकि आने-जाने का रास्ता साफ हो सके। बलराम के अनुसार, गयाजी जाने वाले लोग अंदर चावल भी डालने वाले थे।
आरोप है कि इसी बात को लेकर हरिओम, अनुज, सुनील सिंह और पप्पू सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बलराम ने जब गाली देने से मना किया तो चारों ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में माखी थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि नशे की हालत में मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - राकेश कुमार तिवारी


