समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक होना जरूरी, पारिवारिक काउंसलिंग के अनुभवी अभ्यर्थियों को मिलेगी प्राथमिकता
उन्नाव। परिवार न्यायालय उन्नाव में परामर्शदाता के एक रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय उन्नाव की ओर से जारी जानकारी के अनुसार निर्धारित शैक्षिक योग्यता एवं अन्य अर्हताएं पूरी करने वाले अभ्यर्थी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक जरूरी
परामर्शदाता पद के लिए अभ्यर्थी का समाजशास्त्र अथवा मनोविज्ञान विषय में स्नातक होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास समाजसेवा का अनुभव भी होना चाहिए।
सामाजिक कार्य में मास्टर डिग्री रखने वाले तथा पारिवारिक काउंसलिंग में दो वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
35 से 65 वर्ष निर्धारित आयु सीमा
पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 35 से 65 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, जनपद उन्नाव के निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान है।
तीन वर्ष का होगा प्रारंभिक कार्यकाल
चयनित परामर्शदाता का प्रारंभिक कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इसके बाद माननीय उच्च न्यायालय की संस्तुति के आधार पर आगामी तीन वर्ष की अवधि के लिए उनके नाम पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी पद से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवश्यक अर्हताओं और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय उन्नाव से संपर्क कर सकते हैं।
नोट: आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी संबंधित कार्यालय से पद की अंतिम तिथि, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन जमा करने की प्रक्रिया की पुष्टि अवश्य कर लें।
जनक सिंह, संवाददाता | पुरवा, उन्नाव


