उन्नाव। दही थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोनिक पावर हाउस के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार निजी पशु चिकित्सक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल चिकित्सक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| मृतक श्याम बहादुर फाइल फोटो |
मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधूहार सिविल लाइन निवासी 51 वर्षीय श्याम बहादुर पुत्र माता प्रसाद के रूप में हुई है। बताया गया कि श्याम बहादुर निजी तौर पर पशुओं का इलाज करते थे। गुरुवार को भी वह रोज की तरह पशुओं का उपचार करने के लिए घर से निकले थे।
जानकारी के अनुसार, पशुओं का इलाज करने के बाद श्याम बहादुर बाइक से दही चौकी क्षेत्र में स्थित अपने निर्माणाधीन मकान को देखने जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोनिक पावर हाउस के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। हालांकि, उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्याम बहादुर की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शिव देवी, बेटे रंजीत शर्मा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, मृतक मूल रूप से दही क्षेत्र के रामपुर खालसा के रहने वाले थे और लंबे समय से पशुओं के उपचार का कार्य कर रहे थे।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में निजी पशु चिकित्सक की मौत हुई है। दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


