55 लीटर अवैध शराब बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार; 350 किलो लहन नष्ट
उन्नाव। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर 55 लीटर अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। टीम ने मौके पर करीब 350 किलो महुआ लहन नष्ट कराया।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने हसनगंज, पुरवा और बीघापुर तहसील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।
आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल, क्षेत्र-2 हसनगंज, निशांत सिंह, क्षेत्र-4 पुरवा तथा प्रतिभा सिंह, क्षेत्र-5 बीघापुर ने आबकारी विभाग के हमराहियों और स्थानीय पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
अभियान के दौरान हसनगंज तहसील के ग्राम गढ़ी फतेहाबाद व अजगैन, पुरवा तहसील के ग्राम अहेसा, ईंटगांव तथा कोरटगंज बाजार थाना मौरावां और बीघापुर तहसील के थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम नमाखेड़ा में कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की कार्रवाई में कुल चार अभियुक्तों को 55 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया। इसके साथ ही अवैध शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे करीब 350 किलोग्राम महुआ लहन को मौके पर नष्ट कराया गया।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट: ग्रामीण दृष्टि समाचार टीम, उन्नाव


