23 जुलाई तक की मतगणना में 2,944 मत हासिल, अंतिम परिणाम से पहले समर्थकों में जश्न का माहौल
लखनऊ/प्रयागराज। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश चुनाव 2026 की 23 जुलाई तक हुई मतगणना के बाद जारी नवीनतम मेरिट सूची ने चुनावी मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है। प्रदेशभर के दिग्गज अधिवक्ताओं के बीच चल रही इस प्रतिष्ठित चुनावी जंग में प्रयागराज के वरिष्ठ अधिवक्ता पांचू राम मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2,944 मतों के साथ प्रदेश में छठा स्थान बरकरार रखा है। इस उपलब्धि के बाद उनके समर्थकों और अधिवक्ता समुदाय में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
मतगणना के अनुसार कानपुर नगर के अनुराग पांडेय 4,493 मतों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर प्रशांत सिंह अटल (लखनऊ) 4,261 मतों के साथ तथा तीसरे स्थान पर शिव किशोर गौड़ (बुलंदशहर) 3,780 मतों के साथ मौजूद हैं। चौथे स्थान पर देवेंद्र मिश्र नगरहा (प्रयागराज) 3,684 मत और पांचवें स्थान पर शिरीष कुमार मेहरोत्रा (बरेली) 3,432 मतों के साथ बने हुए हैं।
शीर्ष 10 प्रत्याशी (23 जुलाई 2026 तक)
- अनुराग पांडेय (कानपुर नगर) – 4,493
- प्रशांत सिंह अटल (लखनऊ) – 4,261
- शिव किशोर गौड़ (बुलंदशहर) – 3,780
- देवेंद्र मिश्र नगरहा (प्रयागराज) – 3,684
- शिरीष कुमार मेहरोत्रा (बरेली) – 3,432
- पांचू राम मौर्य (प्रयागराज) – 2,944
- अजय यादव (प्रयागराज) – 2,935
- इमराज मविब खान "आई एम खान" (प्रयागराज) – 2,904
- जानकी शरण पांडेय (लखनऊ) – 2,847
- अजय शंकर श्रीवास्तव (गोंडा) – 2,614
महज 9 मतों का रोमांच
मेरिट सूची के अनुसार पांचू राम मौर्य और सातवें स्थान पर चल रहे अजय यादव के बीच केवल 9 मतों का अंतर है, जबकि आठवें स्थान के प्रत्याशी से अंतर 40 मत का है। इससे स्पष्ट है कि अंतिम चरण की मतगणना में मेरिट सूची में बदलाव की पूरी संभावना बनी हुई है।
पांचू राम मौर्य ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेशभर के अधिवक्ता भाई-बहनों को देते हुए कहा कि यह स्थान उनके विश्वास, स्नेह और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि अधिवक्ताओं के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
हालांकि, यह स्थिति 23 जुलाई 2026 तक की मतगणना पर आधारित है। अंतिम परिणाम बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आधिकारिक घोषणा के बाद ही मान्य होगा।



